
उदयपुर के सुखेर थाना क्षेत्र स्थित पुलक विहार से एक सनसनीखेज और रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। कॉलोनी में स्थित हनुमान मंदिर में एक समाजकंटक द्वारा अपने बेटे और गुर्गों के साथ मिलकर जमकर तोड़फोड़ करने और कॉलोनीवासियों को जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी अजीतपाल सिंह राणावत अपने पुत्र और कुछ अन्य लोगों के साथ पुलक विहार स्थित हनुमान मंदिर पहुंचा और वहां तोड़फोड़ शुरू कर दी। जब मंदिर में हो रही तोड़फोड़ की आवाज सुनकर स्थानीय कॉलोनीवासी मौके पर एकत्र हुए और इसका विरोध किया, तो आरोपी आपा खो बैठा। आरोप है कि उसने लोहे के सरियों और लट्ठ से लोगों पर हमला कर दिया। इतना ही नहीं, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने बंदूक निकालकर कॉलोनीवासियों के पीछे दौड़ लगाई और खुलेआम ललकारते हुए कहा कि 'अगर दोबारा कोई इस मंदिर के आसपास नजर आया तो गोली मार दूंगा'। इसके बाद आरोपी ने दहशत फैलाने की नीयत से अपनी तेज रफ्तार कार को एकत्रित भीड़ पर दौड़ा दी। अचानक हुए इस जानलेवा हमले से पूरी कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना के बाद से कॉलोनी के निवासियों में भारी डर और रोष का माहौल है। दहशतजदा कॉलोनीवासी एकजुट होकर सुखेर थाने पहुंचे और आरोपी अजीतपाल सिंह और उसके साथियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई है।
19 Oct 2026